56 हस्तियों को यश भारती सम्मान
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यश भारती सम्मान से अलंकृत विभूतियों को प्रदेश का एंबेसडर बताया।
By
Edited By:
Publish Date: Mon, 09 Feb 2015 08:20:03 PM (IST)
Updated Date: Mon, 09 Feb 2015 08:23:31 PM (IST)

लखनऊ। संगीत, गायन, नृत्य, ललित कला, फिल्म, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान व समाजसेवा क्षेत्रों की 56 हस्तियों को सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार ने यश भारती सम्मान से नवाजा। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने सभी को पुरस्कारस्वरूप 11 लाख रुपये और प्रशस्ति-पत्र भेंट किए। मुख्यमंत्री ने यश भारती सम्मान से अलंकृत विभूतियों को प्रदेश का एंबेसडर बताया।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित होने वाली हस्तियों की सूची देख आश्चर्य जताया कि ऐसे लोगों का ताल्लुक उत्तर प्रदेश से है। यश भारती सम्मान को शुरू करने का श्रेय अपने पिता मुलायम सिंह को देते हुए उन्होंने कहा कि यदि कभी-कोई किसी कारणवश सम्मान समारोह में नहीं पहुंच सका तो नेताजी (मुलायम सिंह) ने उन्हें घर जाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में भजन गायक अनूप जलोटा, संगीतकार रवींद्र जैन, गायक कैलाश खेर, साहित्यकार डॉ. ज्ञान चतुर्वेदी, अभिनेता जिमी शेरगिल, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, अभिनेत्री रेखा आदि को सम्मानित किया गया।
अनूप जलोटा ने दान की राशि
भजन गायक अनूप जलोटा ने यश भारती सम्मान ग्रहण करने के बाद सम्मानस्वरूप मिली 11 लाख रुपये की धनराशि लखनऊ की हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट नामक संस्था को दान कर दी। कहा, यह संस्था "राम भी, रहीम भी" कार्यक्रम के जरिये भागवत गीता के प्रचार-प्रसार में लगी है।