
WBBSE Madhyamik 10th results 2020 DECLARED: पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (WBBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। WBBSE ने बोर्ड ने 10वीं कक्षा का ये रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट wbbse.org और wbresults.nic.in पर जारी किया है।बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार 10वीं में 86.34% बच्चे पास हुए हैं। अरित्र पाल ने 700 में से 694 अंक (99.14%) हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में टॉप किया है।
बता दें कि 10वीं की परीक्षा में करीब सवा 10 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे और आज रिजल्ट जारी होने के साथ उनका इंतजार समाप्त हुआ है। 10वीं (माध्यमिक) की परीक्षा 18 फरवरी से 27 फरवरी 2020 के बीच आयोजित की गई थी, लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण और लॉकडाउन के कारण मूल्यांकन कार्य नहीं हो पाया था और इस कारण रिजल्ट में देरी हुई।
लड़के रहे लड़कियों से आगे
बोर्ड द्वारा रिजल्ट की घोषणा के साथ बताया गया कि इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में 86.34% स्टूडेंट्स पास हुए हैं। हालांकि इस बार लड़कों ने लड़कियों से बाजी मार ली है। उत्तीर्ण स्टूडेंट्स में 89.87% लड़के शामिल हैं, जबकि लड़कियों का पासिंग परसेंटेज 83.48% रहा है।
अरित्र पाल पूरे प्रदेश के टॉपर
बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक अरित्र पाल ने 700 में से 694 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। उनका रिजल्ट 99.14% रहा। वहीं सायान्तन गराय और अविक दास संयुक्त रुप से दूसरे स्थान पर रहे। इन दोनों छात्रों के समान रुप से 693-693 अंक आए। वहीं सौम्या पाठक, देबोस्मिता महापात्रा और अरित्र मेती तीनों 690-690 अंकों के साथ मेरिट लिस्ट में तीसरे स्थान पर रहे।
ऐसा रहा पिछले वर्ष का रिजल्ट
वर्ष 2019 में पश्चिम बंगाल की 10वीं की परीक्षा में 86.07% स्टूडेंट्स पास हुए थे। पिछले साल 10 लाख 50397 स्टूडेंट्स 10वीं परीक्षा में शामिल हुए थे। छात्राओं का पासिंग परसेंटेज 82.87% रहा था जबकि 89.97% छात्र पास हुए थे। वर्ष 2019 में ईस्ट मिदनापुर का परिणाम 96.10% के साथ सबसे बेहतर रहा था। जबकि कोलकाता में 92.13% बच्चे पास हुए और कोलकाता दूसरे स्थान पर रहा था। पिछले वर्ष सुगाता दास ने 700 में 694 अंक हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था।
WBBSE Madhyamik 10th results 2020 DECLARED: ऐसे चेक करें रिजल्ट
- परीक्षार्थी सबसे पहले WBBSE की ऑफिशियल वेबसाइट wbresults.nic.in पर जाएं
- यहां होम पेज पर WBBSE Madhyamik Result 2020 लिंक पर क्लिक करें
- नए पेज पर नाम, रोल नंबर और अन्य विवरण भरकर सबमिट करें
- सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर डिस्प्ले हो जाएगा