
सागर, नवदुनिया प्रतिनिधि। जमीन विवाद को लेकर ढाना के पास लालेपुर गांव में एक रिटायर्ड फौजी (सूबेदार) ने अपने भाई व भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से भाई व भतीजे सहित बेटी पर भी फायर किया। इसके बाद मोटर साइकिल से भाग निकला। स्वजन तीनों घायलों को बुंदेलखंड मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने चेक करने के बाद भाई व भतीजे को मृत घोषित कर दिया, वहीं आरोपित की बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है। जमीन के लिए भाई द्वारा भाई की हत्या किए जाने की वारदात से गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक लालेपुर गांव में 56 वर्षीय रिटायर्ड फौजी रामाधार उर्फ गुड्डा तिवारी व उसके अन्य परिजन रहते हैं। सेना से रिटायर्ड होने के बाद गांव में रामाधार खेती-किसानी करता है। उसे शराब पीने की भी लत है। वह अक्सर नशे में अपने भाइयों से जमीन को लेकर कहासुनी करता रहता था। शुक्रवार सुबह भी इसी बात पर विवाद हुआ तो रामाधार तिवारी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से अपने भाई राममिलन तिवारी, भतीजे अजय तिवारी को गोली मार दी। इसके अलावा उसने अपनी बेटी वर्षा तिवारी को भी गोली मारी, जिसकी हालत गंभीर है।

आरोपित रामाधार तिवारी का पत्नी का कहना है कि उसके पति रिटायर्ड होने के बाद अक्सर शराबखोरी करते थे। आज सुबह गांव से बाहर गुस्से में घर आए। उन्होंने बंदूक निकाली और बाहर जाने लगे। बेटी वर्षा ने रोका तो उसे गोली मार दी। इसके बाद जाकर राममिलन व अजय को गोली मारी। रामाधार की पत्नी के मुताबिक उसके पति सट्टा भी खेला करते थे।
घर पर रक्षाबंधन मनाने आई बहनों ने बताया कि रामधार घर में बच्चों व पत्नी के साथ मारपीट करता था। करीब एक महीने पहले वह बंदूक लाया था, जिससे फायर किए।