
-नगर पालिका ने चार महीने पूर्व लगाए थे बोर्ड, अनदेखी से नहीं सुधरी व्यवस्था
नरसिंहगढ़। नगर की बदहाल पार्किंंग व्यवस्था को सुढृढ़ करने नपा ने चार महीने पूर्व प्रमुख चौराहों पर नो पार्किंग का बोर्ड लगाए थे। लेकिन ये बोर्ड लगाने के बाद नपा इन्हें भूल गई। स्थानीय प्रशासन ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसका नतीजा यह सामने आया कि शहर में पार्किंग बोर्ड पर पैसे खर्च हुए और ट्रैफिक व्यवस्था जस की तस है। हर कहीं वाहन खड़े हो रहे हैं। निर्धारित स्थान खाली पड़े हैं और शहर में बार-बार जाम लग रहा है। सुभाष चौक में दो पहिया वाहनों की पार्किं ग के लिए स्थान तय किया है लेकिन वहां एक भी वाहन नहीं है। इसके अलावा लोडिंग वाहनों के लिए पत्थर पीठा में वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित की गई थी। पुलिस और प्रशासन मिलकर भी व्यवस्थाएं सुधार नहीं पाए। नगर में पार्किंग के इंतजाम नहीं होने के कारण लोगो द्वारा बीच सड़को पर ही अपने वाहन खड़े कर दिए जाते थे। इसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है। बीते दिनों प्रशासन ने पार्किं ग के लिए दो स्थानो का चयन कर नपा एवं पुलिस को व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए थे।
जाम में उलझते नागरिक
हालांकि प्रशासन के लाख व्यवस्थाएं बनाने के बावजूद नगर में आए दिन लग रहे जामो से आम नागरिको सहित स्कूली छात्र-छात्राओं की काफी फजीहत हो रही है। बेरतरतीब खड़े वाहन, अनियंत्रित लोडिंग वाहन, सड़को पर व्याप्त अतिक्रमण की वजह से प्रतिदिन नगर की सड़को पर लग रहे जाम से आम नागरिको को छुटकारा नही मिल पा रहा है। नागरिकों ने इस तरह की व्यवस्थाओं को बनाने सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है। बुधवार को नगर के पांडव चैराहे पर लगे भारी जाम से करीब आधे घंटे तक नागरिकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इधर प्रशासन के सख्त निर्देशो के बावजूद बीच बस स्टेंड पर ही भारी वाहन खड़े हो रहे है। वर्तमान में दोनों ही स्थानों पर नियमो का खुलेआम उल्लंघन होता दिखाई दे रहा है। भारी वाहन बस स्टेड पर एवं दो पहिया वाहन बीच बाजार में बेतरतीब खड़े होने से स्थितियां बिगड़ रही है।
हॉकर्स जोन पर पुनः अतिक्रमण
कुछ दिन पूर्व ही स्वच्छता अभियान के दौरान नपा ने बस स्टैंड पर बनाए गए हाकर्स जोन के आसपास फैले अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई की थी। लेकिन कार्रवाई के कुछ दिन बाद ही पुनः उक्त स्थान पर अतिक्रमण हो गया। लोगों ने अतिक्रमणकारियो पर ठोस कार्रवाई करने और हाकर्स जोन पर हाथ ठेले लगवाने की मांग की है।
फोटोः 0102 आरएजे 11 नरसिंहगढ़। छतरी चौराहे के समीप लगा जाम।
फोटोः 0102 आरएजे 10 नरसिंहगढ़। हॉकर्स जोन पर फिर हुआ अतिक्रमण।