
खरगोन (नईदुनिया प्रतिनिधि) जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर अंबा-बेड़िया रोड पर सोमवार को हादसा हो गया। यहां स्वास्थ्य विभाग की 108 इमरजेंसी एंबुलेंस वाहन ईएमटी (इमरजेंसी मे़डिकल टेक्नीशियन) चला रहा था। मो़ड़ पर एंबुलेंस असंतुलित होकर नहर में जा गिरी। इसमें सवार गर्भवती महिला और उसके पति सहित स्वजन सुरक्षित है। जबकि चालक ईएमटी की मौत हो गई। मामले में बताया जा रहा है चालक एंबुलेंस में नहीं था। ईएमटी का शव उसके गृह जिले राजगढ़ पहुंचा दिया है।
पुलिस के अनुसार अस्पताल में उपचाररत पीपरखेड़ा निवासी गीताबाई ने बताया कि रात करीब 11 बजे रत्ना पति अनिल को प्रसव पीड़ा होने पर एंबुलेंस बुलवाई थी। एंबुलेंस से बै़ड़िया अस्पताल जा रहे थे। वाहन ईएमटी महेंद्र डांगी 26 वर्षीय निवासी राजगढ़ चला रहा था। नहर के पास मोड़ पर एंबुलेंस असंतुलित हो गई और नहर में जा गिरी। इसके बाद एंबुलेंस में सवार सभी लोग चीखने लगे।
एंबुलेंस में गर्भवती महिला का पति अनिल, स्वजन गुरली पति नुरला, रत्ना बाई सवार थे। गांव के समीप हुए हादसे के चलते समय रहते ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला सहित स्वजन को एबुंलेंस से निकालकर बैड़िया अस्पताल ले जाया गया। जबकि घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। एंबुलेंस सवारों को समय रहते बचाया नहीं जाता तो गर्भवती महिला सहित रिश्तेदार भी डूब सकते थे।
बताया जा रहा है महिला के पति ने स्वजनों को तैरकर बाहर निकाला। इसके बाद ईएमटी को निकाला, लेकिन वह बेहोश हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब पीएम रिपोर्ट से पता चलेगा कि ईएमटी की मौत डूबने से हुई या फिर घायल होने से। क्योंकि उसके सिर में चोट आई थी।
ईएमटी महेंद्र दांगी यहां जिले में पांच साल से काम कर रहा था। जबकि चालक सुनील वर्मा निवासी बै़ड़िया भी एक साल से ज्यादा समय से काम कर रहा था। सोमवार को दोनों खरगोन कोतवाली स्थित आफिस से रवाना हुए थे। रात में हादसा हो गया। हादसे के बाद न तो सुनील वर्मा मिल रहा है न ही किसी का मोबाइल रिसीव कर रहा है।
जिले में 27 108 एंबुलेंस व 27 जननी वाहन संचालित है। ईएमटी द्वारा एंबुलेंस का संचालन करना गंभीर लापरवाही है। इससे हादसा हो गया। यदि समय रहते ग्रामीण व महिला का पति तैरकर स्वजनों की जान नहीं बचाता तो ज्यादा जान जा सकती थी।इसके पहले भी जिले में दो दुर्घटनाएं हो चुकी है। इसमें मौत हुई है।
मामले में जांच कर रहे हैं
मामले में मर्ग कर लिया है। चालक छुट्टी पर था या नहीं। चालक ने ईएमटी के कैसे वाहन दे दिया। इसकी जांच करेंगे। संभवत: डूबने से ही मौत हुई है, लेकिन पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण पता चलेंगे।
धर्मवीर सिंह, एसपी