
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। तंत्र-मंत्र करने गांव में पहुंचे कुछ लोगों को ग्रामीणों ने शंका पर घेर लिया और उनका वाहन फोड़ दिया। सभी को ग्रामीणों ने कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को कमरे से निकाल कर थाने लेकर आई। जहां छह आरोपितों के खिलाफ धारा 151 के तहत केस दर्ज किया गया।
मामला पिपलोद थाना क्षेत्र के रामपुरा गांव का है। यहां बुधवार रात ग्रामीणों ने कुछ लोगों को पूजा-पाठ की सामग्री के साथ देखा।इस पर ग्रामीणों को तंत्र-मंत्र की शंका हुई और आक्रोशित ग्रामीणों ने उनका चार पहिया वाहन फोड़ कर उन्हें कमरे में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि आठ से 10 लोग बैतूल से आए थे। ग्रामीणों के अनुसार इन लोगों को कुछ दिन पूर्व भी गांव में देखा गया था। तब कुछ लोगों ने इनका पीछा भी किया था। इनके पास पूजा-पाठ की सामग्री भी थी और खेत में गड्ढे भी खुदे हुए थे।

ग्रामीणों को शंका थी कि इनके पास बच्चा भी है और वे लोग तंत्र-मंत्र के चक्कर में बच्चे की बली देने वाले हैं। हालांकि पिपलोद टीआई ने बच्चे की बली देने के मामले से इनकार किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आक्रोशित थे, इसलिए अफवाहें भी उड़ गई। सूचना पर हमारी टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों से उन्हें बचाकर थाने लाए थे। आरोपितों के पास से कुछ नारियल मिले थे, छह लोगों के खिलाफ 151 के तहत केस दर्ज कर उन्हें तहसील न्यायालय में पेश किया गया।
.jpg)
टीआई एसएल पांडे के अनुसार जावर थाना क्षेत्र के अमलपुरा निवासी किसान विश्राम के यहां पिछले कुछ सालों से फसलें खराब हो रही थी, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हो रहा था। विश्राम के खेत रामपुरा गांव में हैं। उसने बैतुल से छह लोगों को पूजा-पाठ के लिए बुलाया था, लेकिन ग्रामीणों को गलत लगा और वे आक्रोशित हो गए।