
Water Supply in Indore: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के कुछ क्षेत्रों में शनिवार को जलापूर्ति बाधित रहेगी। इंटेक के पास 1400 एमएम की लाइन में लीकेज की वजह से यह स्थिति बनी है। इसके चलते नर्मदा के पहले और द्वितीय चरण के सभी पंप बंद करना पड़े। पहले और दूसरी चरण की टंकियां भर नहीं पाने की वजह से इन टंकियों से जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति होती है, वहां शनिवार को जलापूर्ति बाधित रहेगी।

नर्मदा प्रोजेक्ट इंचार्ज संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब 12.35 बजे नए इंटेक के पास 1400 एमएम की जीआरपी लाइन में लीकेज हो जाने के कारण नर्मदा के प्रथम एवं द्वितीय चरण के सभी पंप बंद करना पड़े। इन पंपों को शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे चालू किया जा सका। इसके कुछ देर बाद ही सुबह करीब पौने 11 बजे दो पंप गृहों के बीच एयर वाल्व की रबर पैकिंग फट गई। इसके चलते सभी पंप दोबारा बंद हो गए।
सुधार काम दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक चला। लीकेज पूरी तरह से सुधारने के बाद शाम करीब साढ़े 7 बजे नर्मदा के सभी पंप शुरू हो सके, लेकिन प्रेशर बनने में समय लगने की वजह से टंकियां पूरी क्षमता तक नहीं भर पाएंगी। इस वजह से शनिवार को शहर की 14 टंकियां खाली रहेंगी। इन टंकियों से जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति होती है, वह प्रभावित रहेगी।
अन्नपूर्णा, द्रविड़ नगर, सदर बाजार, छत्रीबाग, सुभाष चौक, अगरबत्ती कालोनी, नरवल, लोकमान्य नगर, राज मोहल्ला, गांधी हॉल, भक्त प्रहलाद नगर, स्कीम 103, कुशवाह मोहल्ला और महाराणा प्रताप नगर आदि।