
दमोह। जिले के तेजगढ़ गांव के कर्बिस्तान से 6 अप्रेल को पुलिस ने एक क्षत-विक्षप्त शव को बरामद किया था। मामले में आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव की शिनाख्त पुलिस ने कर्बिस्तान से करीब 100 मीटर दूर रहने वाली मुन्नी बी पति खुंदी शाह 55 के रूप में की थी।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात पर हत्या और साक्ष्य छिपाने के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में पाया कि मुन्नी बी की निर्ममता से हत्या उसके ही दामाद पाटन निवासी जानी शाह ने की थी। जिससे उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुन्नीबी की सबसे छोटी लड़की अमीना बी का निकाह पाटन निवासी जानी शाह से हुआ था। शादी के पश्चात उनका एक लड़का भी हुआ, जो कि अभी पांच साल का है। इसी बीच कुछ महिनों पहले अमीना बी और जानी शाह के मध्य विवाद हुआ तो अमीना बी अपने मायके तेजगढ़ आ गई और वह किसी अन्य के साथ शादी कर दिल्ली चली गई।
इससे जानी शाह अपनी सास से दुश्मनी रखने लगा था। दरअसल, जानी शाह का कहना था कि उसकी सास के कहे अनुसार ही उसकी पत्नी ने दूसरी शादी की और दिल्ली चली गई। लेकिन इसके बावजूद उसका अपनी सास के घर आना जाना लगा रहता था।
घटना दिनांक 30 मार्च को वह अपनी सास के घर पहुंचा। जहां पर उसने खाना खाया। उसी रात सास-दामाद में किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो दामाद जानी शाह ने सास की हत्या करने से कुल्हाड़ी उठाई तो वह कर्बिस्तान की ओर भागी। जिससे कर्बिस्तान के समीप ही जानी ने अपनी सास की हत्या की। उसके बाद शव के कई टुकड़े कर इधर-उधर फेंक दिए। चूंकि कर्बिस्तान की ओर कम ही लोगों का आना-जाना रहता है। जिससे किसी को इस बात की भनक नहीं लगी कि कोई शव श्मशान में क्षत-विक्षप्त हालत में पड़ा है।
6 को पुलिस को लगी जानकारी
कर्बिस्तान में एकाएक किसी ग्रामीण के जाने के बाद वहां पर शव क्षत-विक्षप्त हालत में पड़े होने की सूचना ग्रामीण ने कोटवार को दी। कोटवार ने इस घटना से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। आनन-फानन में पुलिस हरकत में आई और शव के टुकड़ों को एकत्रित कर उसकी साक्ष्य कराई तो उसकी पहचान मुन्नी बी के रूप में की। इसी मामले में पुलिस ने आरोपी जानी शाह को हिरासत में ले लिया है।