
नारायणपुर। Naxal Encounter in Narayanpur Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। इसी क्रम में नारायणपुर जिले में सुरक्षा बल को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सुरक्षा बल ने अबूझमाड़ के कुतुल, फरसबेड़ा, कोड़तामेटा क्षेत्र के जंगल में शनिवार की सुबह मुठभेड़ में आठ वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया है। नक्सलियों के शव और हथियार पुलिस को मिल चुके हैं। मुठभेड़ में और कई नक्सलियों के मारे जाने व घायल होने की सूचना है।
इधर, नक्सलियों की फायरिंग में स्पेशल टास्क फोर्स के जवान नितीश एक्का (27) बलिदान हो गए हैं। वह जशपुर के निवासी थे। दो अन्य जवान लेखराम नेताम (28) निवासी धमतरी व कैलाश नेताम (33) निवासी कोंडागांव घायल हुए हैं, जिन्हें एयरलिफ्ट कर उपचार के लिए रायपुर लाया गया है। दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। इस वर्ष हुईं अलग-अलग मुठभेड़ों में अब तक 131 नक्सलियों के शव मिल चुके हैं।
पुलिस के अनुसार नारायणपुर-दंतेवाड़ा-कोंडागांव जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों की माड़ डिवीजन व पीएलजीए बटालियन नंबर एक के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा व कांकेर जिले से एसटीएफ, डीआरजी, 53वीं वाहिनी आइटीबीपी, 153वीं वाहिनी बीएसएफ की संयुक्त टीम को दो दिन पहले अभियान पर भेजा गया था। घेराबंदी करते आगे बढ़ती हुई सुरक्षा बल की संयुक्त टीम के साथ नक्सलियों की कई बार मुठभेड़ हुई।
नारायणपुर जिले में नक्सली मुठभेड़ को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी साझा की है। साथ ही मुठभेड़ में एसटीएफ जवान के बलिदान पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा, ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा की शांति की कामना करता हूं। सीएम साय ने मुठभेड़ में घायल जवानों को तत्काल एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए राजधानी रायपुर लाने की बात कही और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री साय ने पोस्ट में आगे लिखा कि नक्सलियों के खिलाफ हो रही कड़ी कार्रवाई से नक्सली विचलित हैं। उनके खात्मे के लिए हमारी सरकार पूरी तरह तत्पर है और जब तक लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता हम चुप नहीं बैठेंगे।
नारायणपुर जिले के ओरछा थाना के अंतर्गत फरसबेड़ा-धुरबेड़ा के बीच सुरक्षाबलों की नक्सलियों संग हुई मुठभेड़ में 8 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
मुठभेड़ में एसटीएफ के एक जवान के शहीद होने और 2 जवानों के घायल होने की भी दुःखद खबर आ रही है। घायल जवानों को तत्काल एयरलिफ्ट कर इलाज…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) June 15, 2024
अबूझमाड़ क्षेत्र में दो माह के भीतर नक्सल मोर्चे पर मिली यह पांचवीं बड़ी सफलता है। 16 अप्रैल को छोटेबेठिया में 29 नक्सली को मार गिराने के बाद से अब तक 60 नक्सलियों को मार गिराया गया है। इससे नक्सलियों की पूर्वी डिवीजन को बड़ी चोट पहुंची है। सुरक्षा बल लगातार इस क्षेत्र में मजबूत पैठ बनाए हुए हैं।
आइजीपी बस्तर पी. सुंदरराज ने कहा, जवान का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सुरक्षा बल का मनोबल बढ़ा हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा के निर्देश के अनुसार मानसून में भी नक्सलियों के विरुद्ध सुरक्षा बल समर्पित होकर अभियान संचालित कर रहे हैं।
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से सुरक्षा बल ने नक्सलियों के विरुद्ध आक्रामक अभियान शुरू किया है। इस वर्ष विभिन्न मुठभेड़ में बस्तर संभाग में 131 नक्सलियों के शव मिल चुके हैं। बीजापुर में 51, कांकेर में 34 व नारायणपुर में 26 नक्सलियों को मार गिराया गया है।
| तारीख | मुठभेड़ स्थल | मृत नक्सलियों की संख्या |
| 27 मार्च | बीजापुर-चिपुरभट्टी | 6 |
| 2 अप्रैल | बीजापुर-गंगालूर | 13 |
| 16 अप्रैल | अबूझमाड़-छोटेबेठिया | 29 |
| 30 अप्रैल | अबूझमाड़-टेकमेटा | 10 |
| 10 मई | बीजापुर-पीड़िया | 12 |
| 23 मई | अबूझमाड़-रेकावाही | 8 |
| 7 जून | अबूझमाड़-मुंगेडी | 7 |