Kawardha Election Result 2023: कवर्धा में मंत्री मोहम्मद अकबर की प्रतिष्ठा लगी दांव पर, भाजपा के विजय शर्मा दे रहे कड़ी टक्कर
Kawardha Election Result 2023: पिछले चुनाव में कवर्धा विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के मोहम्मद अकबर ने राज्य में सर्वाधिक अंतर से चुनाव जीत कर रिकार्ड बनाया था। कांग्रेस के मोहम्मद अक़बर को 1,36,320 वोट मिले थे, जबकि भाजपा उम्मीदवार अशोक साहू को 77,036 वोटों से संतोष करना पड़ा था।
By Navodit Saktawat
Edited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Sun, 03 Dec 2023 01:00:41 PM (IST)
Updated Date: Sun, 03 Dec 2023 02:32:13 PM (IST)
HighLights
- प्रदेश के वनमंत्री मोहम्मद अकबर कवर्धा से चुनाव लड़ रहे हैं।
- भाजपा ने विजय शर्मा को प्रत्याशी बनाया है।
- 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही कवर्धा में सांप्रदायिक तनाव का सिलसिला बढ़ता चला गया।
कवर्धा।Kawardha Election Result 2023: छत्तीसगढ़ की हाईप्रोफाइल सीटों में शामिल कवर्धा के परिणाम को लेकर इस बार काफी दिलचस्पी बनी हुई है। इस विधानसभा सीट के परिणाम को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही है। यहां से प्रदेश के वनमंत्री मोहम्मद अकबर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं भाजपा ने विजय शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। दोनों के बीच सियासी मैदान में कड़ा मुकाबला है।
2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही कवर्धा में सांप्रदायिक तनाव का सिलसिला बढ़ता चला गया। अक्टूबर 2021 में धार्मिक झंडा फहराने को लेकर फैले सांप्रदायिक तनाव के बाद हिंसक घटनाओं को देखते हुए कर्फ़्यू लगाना पड़ा और ज़िले में इंटरनेट की सेवाएं बंद करनी पड़ी और ज़िले की सीमाओं को भी सील करना पड़ा।
उसके बाद हिंदू संगठनों ने बड़ा आयोजन किया और 120 फीट ऊंचा भगवा झंडा फहराया। कवर्धा में फैले सांप्रदायिक तनाव के मामले में सरकार ने कई भाजपा नेताओं को जेल भेजा था। अब उन्हीं में से एक, भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। विजय शर्मा ज़िला पंचायत के सदस्य रह चुके हैं।
2018 में सर्वाधिक अंतर से जीते थे अकबर
पिछले चुनाव में कवर्धा विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के मोहम्मद अकबर ने राज्य में सर्वाधिक अंतर से चुनाव जीत कर रिकार्ड बनाया था। कांग्रेस के मोहम्मद अक़बर को 1,36,320 वोट मिले थे, जबकि भाजपा उम्मीदवार अशोक साहू को 77,036 वोटों से संतोष करना पड़ा था। 59,284 वोटों के अंतर से चुनाव जीतने वाले मोहम्मद अक़बर को भूपेश बघेल की सरकार में वन, पर्यावरण, परिवहन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति व आवास मंत्री और सरकार का प्रवक्ता भी बनाया गया।