
पत्थलगांव नईदुनिया न्यूज। शहर के डॉ विकास गर्ग को मास्टर इन इमरजेंसी मेडिसिन की उपाधि से नवाजा गया है। यह डिग्री हासिल करने वाले वह क्षेत्र के एकमात्र चिकित्सक हैं। उनकी उपलब्धि से शहर में हर्ष की लहर दौड़ गई है। डॉ विकास गर्ग ने इमरजेंसी मेडिसिन के क्षेत्र में मास्टर्स की उपाधि हासिल की है। सोसायटी फॉर इमरजेंसी मेडिसिन,इंडिया द्वारा इसके लिए सितंबर 2020 में राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें देश भर से केवल 137 चिकित्सकों को ही सफलता मिल सकी थी जिसमें छग से केवल तीन ही चिकित्सक यह गौरव हासिल कर पाने में सफल रहे जिसमें से एक डॉ विकास गर्ग हैं। अग्रवाल समाज में यह उपाधि हासिल करने वाले वह एकमात्र चिकित्सक हैं। परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात् उन्हें हैदराबाद में आयोजित दीक्षांत समारोह में इस उपाधि से सम्मानित किया गया। डॉ विकास गर्ग पत्थलगांव के समाज सेवी पवन अग्रवाल के पुत्र हैं। वे बिलासपुर के अपोलो हॉस्पिटल समेत अलग-अलग अस्पतालों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे वर्तमान में पत्थलगांव के सिविल अस्पताल में ही अपनी सेवाएं दे रहे हैं और निरंतर आम लोगों की सेवा के लिए तत्पर हैं। उनका कहना है कि मानव मात्र की चिकित्सा और इसके माध्यम से सेवा ही एक चिकित्सक का ध्येय होता है। बिना वर्ग का भेद किए वह उसके समक्ष आने वाले प्रत्येक मरीज का उपचार करने का प्रयास करता है। एक चिकित्सक होने के नाते यही उनका सबसे प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी लक्ष्य के आधार पर लोगों की चिकित्सा और सेवा करने का प्रयत्न करते रहेंगे। डॉ विकास गर्ग के चिकित्सा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित उपाधि हासिल करने से सिविल अस्पताल के साथ ही शहर के लोगों में भी खुशी देखने को मिल रही है। अग्रवाल सभी के रामलाल अग्रवाल,ब्रम्हप्रकाश अग्रवाल,अनिल अग्रवाल,सुनील अग्रवाल,जितेन्द्र अग्रवाल समेत स्थानीय लोगों ने डॉ विकास गर्ग को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।