
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। चकरभाठा बस्ती स्थित स्कूल का ताला तोड़कर चोरों ने मध्यान्ह भोजन के लिए आए चावल और क्रिकेट बैट, बाल व साउंड सिस्टम पार कर दिया। प्रधान पाठक ने इसकी शिकायत चकरभाठा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
सरकंडा पुलिस कालोनी में रहने वाली कौशिल्या डाहिरे प्रधान पाठक हैं। उनकी पोस्टिंग चकरभाठा बस्ती स्कूल प्राथमिक स्कूल में है। उन्होंने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि शनिवार को स्कूल के बाद सभी कर्मचारी अपने घर चले गए थे। सोमवार की सुबह जब वे स्कूल पहुंचे तो स्कूल का ताला टूटा था। ताला तोड़कर घुसे चोरों ने स्कूल से मध्यान्ह भोजन के लिए आए एक क्विंटल चावल, क्रिकेट बैट, बाल और साउंड सिस्टम पार कर दिया। उन्होंने अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर चकरभाठा थाने में शिकायत की है। प्रधान पाठक की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
आए दिन हो रही चोरी की घटना
प्रधान पाठक ने पुलिस को बताया कि उनके स्कूल में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इसकी शिकायत हर बार थाने में की जाती है। इसके बावजूद चोर पकड़े नहीं गए। इसके कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी है। रविवार की रात हुई घटना के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी है।