
नईदुनिया न्यूज ओड़गी । सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम लांजीत में छुही मिट्टी की खदान धंसक जाने से युवक की मौत हो गई। खदान में दबी महिला को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में शिफ्ट कर दिया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने छुही मिट्टी के खदान को एक्सीवेटर से पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।घटना से गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह ग्राम लांजीत के कुछ लोग छुही मिट्टी लेने के लिए गांव से लगे अघोषित खदान में गए हुए थे। कुछ लोग भीतर घुसकर छुही मिट्टी निकाल रहे थे।इस दौरान ऊपर की मिट्टी भरभरा कर गिर गई। कुछ लोग दब गए। इनमें से अधिकांश तो बाहर निकल आए लेकिन राजमन कुर्रे पिता गोधई (28) व सुमित्रा गुर्जर पति सुखेंद्र गुर्जर (29) नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गांव वाले मौके पर पहुंच गए।पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गांववालों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाल तत्काल ओड़गी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने राजमन कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। घटना से ग्राम लांजीत में शोक का माहौल है।
बंद किया गया खदान को
छुही मिट्टी के चक्कर में युवक की मौत के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। महिला व पुरुष को बाहर निकालने के बाद मौके पर एक्सीवेटर मंगाया गया। भविष्य में ऐसी घटना न हो इसे देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर छुही मिट्टी के खदान को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। एक्सीवेटर के सहारे छुही मिट्टी खदान क्षेत्र को समतल कर दिया गया है। घटना की सूचना पर महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मृतक के घर पहुंची। उन्होंने शोक संतप्त स्वजनों से मुलाकात पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
पहले भी हो चुकी ऐसी घटनाएं
उत्तर छत्तीसगढ़ में छुही मिट्टी निकालने के चक्कर में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी है। छुही मिट्टी के कई अघोषित खदान है। यहां गांव वाले समय -समय पर जाते रहते हैं। मिट्टी निकालने के दौरान खदान धंसक जाने से पहले भी लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसी घटनाओं पर रोक के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने की आवश्यकता है। पंचायत स्तर पर भी ऐसे खदानों को बंद करना जरूरी हो गया है।
क्या है छुही मिट्टी
छुही मिट्टी का उपयोग घरों में रंग-रोगन के लिए किया जाता है। ग्रामीण इसका उपयोग सफेद चूना के विकल्प के रूप में करते हैं। इसे इकट्ठा करके लंबे समय तक इस्तेमाल करते हैं। इसकी बिक्री भी होती है। उत्तर छत्तीसगढ़ में छुही मिट्टी बहुत मिलती है।